महाराष्ट्र मे नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी, एनसीपी (अजित), शिवसेना (शिंदे) वाले गठबंधन महायुति ने सभी 227 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी विधायक अमित साटम ने कहा- महायुति सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, अभी 200 सीटों पर सहमति बन गई है।
AIMIM ने 13 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इनमें मुंबई, अहमदनगर, लातुर और परभनी सीट भी शामिल हैं। मुस्लिम मेयर बनाए जाने के सवाल पर AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा- संविधान समानता की बात करता है मराठी ही क्यों खान, पठान, अंसारी या शेख क्यों नहीं मेयर बन सकते? ने वाले समय में बुर्का वाली या मुस्लिम नाम वाले भी मेयर पद संभाल सकते हैं।
पठान के बयान पर मुंबई बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि मुंबई की आबादी बदलने की साजिश रुकेगी, मुस्लिम मेयर कभी नहीं बनने देंगे। शिंदे गुट के संजय निरुपम ने कहा कि खान-पठान से बैर नहीं, लेकिन मेयर मराठी भाषी लोग तय करेंगे।
नगर निगम चुनाव में AAP ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी भिवंडी, नवी मुंबई और ठाणे में उम्मीदवार उतारेगी। महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए शेड्यूल जारी किया है। इनमें मतदान 15 जनवरी को होंगे और 16 जनवरी को रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
पूर्व MNS नेता बोले- एकनाथ शिंदे ही सच्चे हिंदुत्ववादी नेता
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता प्रकाश महाजन शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना में शामिल हो गए। महाजन ने कहा कि एकनाथ शिंदे ही महाराष्ट्र के सच्चे हिंदुत्ववादी नेता हैं और इसी कारण उन्होंने शिवसेना में शामिल होने का निर्णय लिया।
ठाणे समेत जिले की 6 निगमों में 3348 आवेदन
ठाणे समेत जिले की छह नगर निगमों के एकनाथ शिंदे की पार्टी को कुल 3,348 आवेदन मिले हैं, जिनमें 1,548 महिलाएं शामिल हैं। ये नगर निगम हैं– ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, नवी मुंबई, भिवंडी-निजामपुर और मीरा-भयंदर।
ठाणे नगर निगम के लिए सबसे ज्यादा 1,277 आवेदन मिले हैं, जबकि कल्याण-डोंबिवली के लिए 682, उल्हासनगर के लिए 385, नवी मुंबई के लिए 496, भिवंडी-निजामपुर के लिए 176 और मीरा-भयंदर के लिए 332 आवेदन आए हैं।
अजित पवार की NCP और शरद पवार की NCP साथ लड़ेंगे चुनाव
पुणे में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने NCP (शरदचंद्र पवार गुट) के वरिष्ठ नेता आजम पानसरे से मुलाकात कर पुणे नगर निगम चुनावों में सहयोग पर चर्चा की।
पानसरे ने कहा कि दोनों गुट गठबंधन चाह रहे हैं और जल्द इस पर फैसला लिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब विभाजन के बाद दोनों NCP गुट किसी चुनाव में साथ उतरेंगे।
NCP (SP) नेता अंकुश काकडे ने बताया कि सीट बंटवारे पर चर्चा जल्द होगी और कांग्रेस व शिवसेना (UBT) से भी बातचीत जारी है।
भिवंडी और नवी मुंबई में पहली बार उतरेगी AAP
आम आदमी पार्टी (AAP) ने ठाणे, भिवंडी-निजामपुर और नवी मुंबई नगर निगमों में पहली बार अपने उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी भिवंडी की 90 में से 30 सीटों के लिए उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग कर चुकी है, जबकि नवी मुंबई की सभी 111 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना है। ठाणे में भी 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का लक्ष्य रखा गया है।
AAP का कहना है कि उसका फोकस सड़क, पानी, स्वास्थ्य, सफाई और नगर निगमों में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर रहेगा।