नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ छाए घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी दिल्ली में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ा है। प्रदूषण से पहले से जूझ रही दिल्ली में आज सुबह हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गए।
हवाई सेवाओं पर सबसे ज्यादा असर
दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अब तक 152 फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। कम दृश्यता के चलते कई विमानों को देरी से उड़ान भरनी पड़ी, जबकि कुछ विमानों को रनवे पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार फिलहाल उड़ानों का संचालन CAT-III सिस्टम के तहत किया जा रहा है, जिससे बेहद कम विजिबिलिटी में भी टेकऑफ और लैंडिंग संभव हो पाती है। इसके बावजूद मौसम की गंभीरता के कारण देरी और रद्दीकरण की स्थिति बनी हुई है।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे की वजह से हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी एयरलाइंस के संपर्क में रहें, उड़ान की स्थिति आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जांचें और अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे।
इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों से अपील की है कि सुबह की उड़ानों में देरी या समय में बदलाव संभव है। एयरलाइन ने बताया कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
रेल यातायात भी पटरी से उतरा
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुबह तक 24 से अधिक ट्रेनें एक घंटे से ज्यादा देरी से पहुंचीं। गोरखधाम एक्सप्रेस 10 घंटे से अधिक, मालवा एक्सप्रेस 4 घंटे, जम्मू राजधानी करीब 2 घंटे और कई अन्य ट्रेनें भी निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं।
उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर डिजिटल डिस्प्ले, लगातार घोषणाएं, अतिरिक्त प्रतीक्षालय व्यवस्था और हेल्प डेस्क सक्रिय किए गए हैं।
अगले कुछ दिन भी मुश्किल
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में घना कोहरा बना रह सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले पूरी जानकारी लें, अतिरिक्त समय का प्रबंध करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।