बीकानेर में सर्दी के इस मौसम का पहला घना कोहरा देखने को मिला। गुरुवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छा गई, जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। कोहरे के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।
घने कोहरे की वजह से सुबह घर से निकलने वाले स्कूली बच्चों, कामगारों और दफ्तर जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सड़कों पर चल रहे वाहनों की रफ्तार भी बेहद धीमी रही और वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
हालांकि इस बार कोहरा अपेक्षाकृत देरी से देखने को मिला है। आमतौर पर नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में कोहरा छा जाता है, लेकिन इस साल यह दिसंबर के तीसरे सप्ताह में नजर आया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ सकता है, जिससे लोगों की परेशानियां भी बढ़ने की संभावना है।