पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को बड़ी कामयाबी मिली है। EOU ने परीक्षा माफिया संजीव मुखिया के करीबी माने जाने वाले चंदन सर उर्फ चंदन गोयल को पटना के अगमकुआं इलाके से गिरफ्तार किया है।
EOU को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदन गोयल प्रतियोगी परीक्षाओं में सेटिंग कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद SOG के साथ संयुक्त छापेमारी की गई, जिसमें उसे पकड़ लिया गया।
पुराना आरोपी, वर्षों से था फरार
जांच एजेंसी के अनुसार, चंदन गोयल कोई नया नाम नहीं है। वह पत्रकार नगर थाना के एक मामले में आरोपी रह चुका है और पिछले करीब 8 वर्षों से फरार चल रहा था। इससे पहले वर्ष 2011 में TET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में उसे कंकड़बाग थाना पुलिस ने जेल भेजा था।
कई परीक्षाओं में धांधली के संकेत
EOU की जांच में सामने आया है कि चंदन ने एलडीसी और एमटीएस जैसी परीक्षाओं में भी संजीव मुखिया के साथ मिलकर अनियमितताएं की थीं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं।
चंदन ने बताया कि इस गिरोह में संजीव मुखिया, उसका बेटा शिव, संजय प्रभात, बबलू भूमिहार उर्फ अश्वनी कुमार समेत कई लोग शामिल हैं, जो देशभर की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक कर अभ्यर्थियों से भारी रकम वसूलते थे। जांच में 2017 की NEET परीक्षा और 2024 की BPSC TRE 3.0 परीक्षा में भी इस गिरोह की भूमिका सामने आई है।
कोर्ट में पेशी, जेल भेजा गया
पूछताछ में चंदन ने स्वीकार किया कि वह संजीव मुखिया गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर उम्मीदवारों से पैसे वसूले जाते थे। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे बेउर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से शेखपुरा जिले के बुधौली गांव का निवासी है। फिलहाल EOU उसकी निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।